गुरुग्राम।
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक कंक्रीट मिक्सर ट्रक हाइट गेट में बुरी तरह फंस गया। घटना उस समय हुई जब सड़क पर वाहन तेजी से गुजर रहे थे। ट्रक को अचानक देखते ही साथ चल रही एक कार के ड्राइवर ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे भारी लोहे का बूम गिरने से बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
केबिन निकल गया, लेकिन मिक्सर ड्रम फंस गया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मिक्सर ट्रक का केबिन किसी तरह गेट के नीचे से निकल गया, लेकिन इसके पीछे लगा बड़ा मिक्सर ड्रम और केबिन के बीच लोहे का बूम फंस गया। बूम इतनी बुरी तरह टेढ़ा हुआ कि कभी भी नीचे गिर सकता था, जिससे किसी भी गुजरते वाहन या व्यक्ति की जान जा सकती थी।
DLF सिक्योरिटी और पुलिस मौके पर; देर रात लगा लंबा जाम
घटना की सूचना मिलते ही DLF की सिक्योरिटी टीम, मेंटेनेंस स्टाफ और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सुरक्षा के लिए तुरंत ट्रैफिक को सर्विस लेन की ओर डायवर्ट किया गया। इससे सर्विस लेन पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक हजारों लोग जाम में फंसे रहे। इवनिंग और नाइट शिफ्ट से घर लौट रहे लोगों को लगभग 30 मिनट से 1 घंटे तक भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ा।
प्रतिबंधित क्षेत्र में ट्रक का प्रवेश, नियमों की अनदेखी
गोल्फ कोर्स रोड पर ऊंचाई प्रतिबंध बेहद सख्त हैं और यह मार्ग भारी वाहनों के लिए पूरी तरह बंद है। यहां केवल कारों और दोपहिया वाहनों को प्रवेश की अनुमति है।
पुलिस के अनुसार, चालक ने शॉर्टकट लेने की कोशिश की और हाइट गेट के नीचे से ट्रक निकालने का प्रयास किया, जिससे यह घटना हुई।
क्रेन और हाइड्रोलिक जैक से हटाया गया ट्रक
DLF मेंटेनेंस टीम के अधिकारियों ने बताया कि बूम को हटाने और ट्रक निकालने के लिए क्रेन और दो बड़े हाइड्रोलिक जैक का इस्तेमाल किया गया।
धीरे-धीरे ट्रक को पीछे खींचकर बाहर निकाला गया। आधी रात के बाद ट्रक को पूरी तरह हटाया गया और क्षतिग्रस्त बूम की मरम्मत शुरू की गई।
ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज, ट्रक जब्त
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में शिकायत दर्ज कर ली है।
ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऊंचाई की सीमा सड़क पर स्पष्ट रूप से लिखी हुई है, फिर भी कई ड्राइवर नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे ऐसे हादसे होते हैं।



