हरियाणा के पंचकूला की अदालत ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता Deepak Singla को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अदालत से 10 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने फिलहाल सुनवाई बुधवार तक टाल दी।
ED ने दीपक सिंगला को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। एजेंसी का आरोप है कि यह मामला करीब 150 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड और उससे जुड़े कथित हवाला लेनदेन से संबंधित है। जांच एजेंसी ने दिल्ली और गोवा में सिंगला से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी भी की थी।
मामले की सुनवाई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिक्रमजीत अरोड़ा की अदालत में हुई, क्योंकि विशेष PMLA जज अवकाश पर थे। बचाव पक्ष ने ED की रिमांड याचिका का विरोध किया और अलग से आवेदन दाखिल किए। इसके बाद अदालत ने सिंगला को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए अगली सुनवाई बुधवार के लिए तय कर दी।
इससे पहले दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने ED को दीपक सिंगला की 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दी थी, ताकि उन्हें पंचकूला कोर्ट में पेश किया जा सके।




