हरियाणा के अंबाला कैंट स्थित लालकुर्ती मार्केट में मंगलवार को एक युवक का शव नाले में औंधे मुंह पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने नाले में युवक को पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नाले से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई प्रतीत हो रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक नाले में कैसे पहुंचा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।




