40 साल से ज्यादा उम्र वाले HCS अधिकारियों को देना होगा हेल्थ सर्टिफिकेट, हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला
हरियाणा सरकार ने एचसीएस (हरियाणा सिविल सेवा) अधिकारियों की वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (APR/PAR) प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब 40 वर्ष से अधिक आयु वाले अधिकारियों के लिए हेल्थ चेकअप अनिवार्य कर दिया गया है। अधिकारियों को अपनी मेडिकल रिपोर्ट का सारांश स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट के साथ ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
सरकार ने यह कदम “फिट ब्यूरोक्रेसी” की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उठाया है। नई व्यवस्था के तहत वर्ष 2025-26 की APR प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल मोड में राज्य के इंट्रानेट पोर्टल पर होगी। इससे फाइलों के लंबित रहने और देरी जैसी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अधिकारियों को अब 30 जून 2026 तक अपना स्व-मूल्यांकन जमा करना होगा। रिपोर्टिंग अथॉरिटी 31 अगस्त तक, रिव्यूइंग अथॉरिटी 31 अक्टूबर तक और स्वीकार करने वाली अथॉरिटी 31 दिसंबर 2026 तक प्रक्रिया पूरी करेगी।
नई ऑनलाइन प्रणाली में यह सुविधा भी दी गई है कि यदि कोई अधिकारी तय समयसीमा में कार्रवाई नहीं करता है, तो रिपोर्ट स्वतः अगले स्तर पर भेज दी जाएगी। लॉगिन के लिए HRMS पोर्टल पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और OTP का उपयोग होगा। साथ ही डिजिटल सिग्नेचर या स्कैन किए गए हस्ताक्षर भी मान्य होंगे।




