कुरुक्षेत्र/शाहाबाद मारकंडा
कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका पिता समेत अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बाप-बेटा मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे।
मृतक की पहचान 18 वर्षीय अंकुश निवासी गांव मोहनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंकुश अपने पिता रमेश कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर शाहाबाद मारकंडा मंदिर जा रहा था। अंकुश बाइक चला रहा था और उसने हेलमेट भी पहन रखा था।
पुलिस के अनुसार, जब दोनों दयाल नगर के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंकुश का हेलमेट निकल गया और उसका सिर सड़क से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। सभी चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शाहाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंकुश को मृत घोषित कर दिया। पिता रमेश कुमार सहित अन्य घायलों का इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, रमेश कुमार गांव में करियाने की दुकान चलाते हैं और अंकुश 10वीं कक्षा के बाद अपने पिता के साथ दुकान संभालने में मदद करता था। अंकुश का एक बड़ा भाई भी है।
पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर रमेश कुमार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।




