यमुनानगर, 14 अक्टूबर: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) को बड़ा झटका देते हुए पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मंगलवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का दामन थाम लिया। इनेलो जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इनेलो अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी जाहिद खान ने तीनों नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
इनेलो में शामिल होने वालों में जेजेपी प्रदेश महासचिव एवं जिला परिषद सदस्य कमल कंबोज (चमरोड़ी), पूर्व सरपंच और जेजेपी बीसी सेल प्रदेश महासचिव सुभाष सैनी, तथा जेजेपी के वरिष्ठ नेता रोशन लाल कंबोज (जुब्बल) शामिल रहे।
इस मौके पर इनेलो जिला अध्यक्ष रोशन लाल ताजकपुर, सुभाष खुर्दबन, मंगतराम सैनी, मांगेराम गुंदियानी, खिला राम नरवाल, सर्वप्रिय जठलाना, कार्यालय सचिव सुरेश शर्मा, एडवोकेट गुरमीत सिंह, सुरेश कानहंडी, मानिक सिंगला, और चौधरी करनैल सिंह (चनेटी) सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि इन नेताओं ने 25 सितंबर को रोहतक में आयोजित जननायक चौधरी देवीलाल जी की जयंती रैली के दौरान ही इनेलो में शामिल होने की घोषणा की थी। उस समय तीनों नेताओं ने इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला के समक्ष जेजेपी को अलविदा कहने का ऐलान किया था।
स्वागत समारोह में बोलते हुए चौधरी जाहिद खान ने कहा कि “इंडियन नेशनल लोकदल में हर कार्यकर्ता को पूरा सम्मान और मान्यता मिलती है। यहां छोटे से छोटे कार्यकर्ता का भी उतना ही महत्व है जितना किसी बड़े पदाधिकारी का।”
उन्होंने कहा कि 2019 के चुनावों में कुछ लोगों ने इनेलो को कमजोर करने की कोशिश की, लेकिन जनता अब सच्चाई समझ चुकी है। “हरियाणा की जनता कांग्रेस और भाजपा की नीतियों से त्रस्त है और अब एक बार फिर चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के शासन को याद कर रही है,” उन्होंने कहा।
जाहिद खान ने विश्वास जताया कि “प्रदेशवासियों के समर्थन से 2029 में इनेलो की सरकार बनेगी और चौधरी अभय सिंह चौटाला हरियाणा के मुख्यमंत्री बनकर जनता की सरकार का नेतृत्व करेंगे।”




