गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में विदेशी सरगना दीपक नांदल गैंग के चार शूटर मारे गए, जबकि एक घायल हो गया। यह मुठभेड़ सुषांत लोक फेज-2 इलाके में उस समय हुई जब पुलिस ने एक कारोबारी के घर पर हमले की योजना बना रहे हथियारबंद बदमाशों को घेर लिया।
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन में सवार हथियारबंद बदमाश इलाके में घूम रहे हैं। इसी दौरान सूचना मिली कि गैंग के सदस्य एक प्रमुख कारोबारी के घर पहुंचकर फायरिंग कर रहे हैं। बताया गया कि कारोबारी को लंबे समय से विदेश में बैठे गैंगस्टर की ओर से रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें पांचों आरोपी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज जारी है।
इस मुठभेड़ में गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। घटनास्थल से कई अत्याधुनिक और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि दीपक नांदल गैंग पिछले कुछ समय से रंगदारी, फायरिंग और अन्य संगठित अपराधों में सक्रिय रहा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह हमला कारोबारी से रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से किया जाना था, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।




