इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 9 सितंबर : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जवाहर लाल नेहरू पुस्तकालय द्वारा सावित्रीबाई फुले ब्लॉक में तीन दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न शिक्षण विभागों के नव-विद्यार्थियों को पुस्तकालय की सुविधाओं से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में किया गया। पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. चेतन शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रिंट और ई-संसाधनों, ऑनलाइन डेटाबेस, पुस्तक खोज प्रक्रिया, डिजिटल लाइब्रेरी, अध्ययन कक्षों, और अनुसंधान सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में एकीकृत विश्वविद्यालय प्रबंधन प्रणाली (IUMS) को लागू किया गया है, जो शिक्षण से संबंधित कार्यों को सहज और प्रभावी बनाता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की और पुस्तकालय की गतिविधियों को लेकर उत्साह दिखाया।
इस अवसर पर तकनीकी सहायक सुखराज सिंह और डॉ. अनिल कुमार भी उपस्थित रहे।




