चंडीगढ़, 6 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही पंजाब में विकास की रफ्तार तेज होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब को देश के अग्रणी राज्यों की कतार में लाने का रोडमैप तैयार है। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंजाब के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब के गांव पंजौला में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में आयोजकों की ओर से उनका पारंपरिक स्वागत किया गया।
हरियाणा मॉडल से मिलेगी विकास को नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ने किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के हित में ठोस फैसले लेकर एक मजबूत विकास मॉडल प्रस्तुत किया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू किया गया है और किसानों को मंडी में फसल पहुंचते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जा रहा है। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में मुआवजा भी सीधे खातों में दिया जाता है।
वादों को जमीन पर उतारने का दावा
नायब सैनी ने कहा कि भाजपा केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि कई प्रमुख वादों को लागू किया जा चुका है और शेष पर तेजी से काम चल रहा है।
महिलाओं, गरीबों और स्वास्थ्य सुरक्षा पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विशेष योजनाएं लागू की गई हैं। वहीं आवास योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में पात्र परिवारों को मकान और प्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि आयुष्मान-चिरायु योजना के तहत लाखों लोगों को मुफ्त इलाज का लाभ मिला है, जिससे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
पंजाब सरकार पर सवाल
मुख्यमंत्री ने पंजाब की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी वादों की प्रगति को लेकर श्वेत पत्र जारी किया जाना चाहिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
बुजुर्गों को पेंशन, युवाओं को रोजगार
उन्होंने बताया कि हरियाणा में बुजुर्गों को नियमित पेंशन दी जा रही है और युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था के तहत रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बिना सिफारिश और भ्रष्टाचार के नौकरियों की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पंजाब के औद्योगिक विकास की रूपरेखा
नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पंजाब को औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में योजनाएं बनाई गई हैं। जालंधर, लुधियाना और अमृतसर जैसे शहरों में उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।
उन्होंने लोगों से विकसित भारत के संकल्प में भागीदार बनने का आह्वान किया और कहा कि पंजाब की प्रगति में केंद्र व राज्य सरकार मिलकर काम करेंगी।




