विश्व मधुमेह दिवस पर विशेषज्ञ करेंगे जांच, जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य
कुरुक्षेत्र। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के आयुर्वेदिक अस्पताल में 14 नवंबर को एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को मधुमेह जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजा सिंगला ने बताया कि कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर विश्वविद्यालय की सामाजिक स्वास्थ्य पहल का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि काय चिकित्सा और स्वस्थवृत्त विभाग की विशेषज्ञ टीमें रोगियों की स्वास्थ्य जांच करेंगी और रोग की प्रकृति के अनुसार आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की जाएंगी।
प्रो. सिंगला ने बताया कि स्वस्थवृत्त विभाग के विशेषज्ञ शिविर में उपस्थित लोगों को दिनचर्या, आहार-विहार और जीवनशैली के महत्व पर भी मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के अनुसार मधुमेह केवल एक रोग नहीं, बल्कि असंतुलित दिनचर्या और गलत खानपान का परिणाम है। नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और संयमित जीवनशैली अपनाकर इस रोग को नियंत्रित किया जा सकता है और इससे बचाव भी संभव है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाएं और स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेदिक पद्धति को अपनाएं।




