हरियाणा के गुरुग्राम से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खांडसा अनाज मंडी में एक फल व्यापारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि ट्रक पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। आरोपी ने व्यापारी पर पेट और छाती में कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक व्यापारी की पहचान भारत भूषण के रूप में हुई है। घटना शिवाजी नगर थाना क्षेत्र की खांडसा अनाज मंडी की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारत भूषण रविवार सुबह फलों से भरा ट्रक मंडी में पार्क करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी दुकान के व्यापारी जय भगवान ने ट्रक दूसरी ओर लगाने को कहा, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी जय भगवान ने दुकान के अंदर रखा चाकू निकाल लिया और भारत भूषण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मंडी में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो चुका था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच मारपीट और हमला होता दिखाई दे रहा है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।




