हरियाणा के बहादुरगढ़ में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एमआईई पार्ट-बी इलाके स्थित एक केमिकल फैक्टरी में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि पूरी इमारत भरभराकर गिर गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में काम कर रहे कई कर्मचारियों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। आग लगने के बाद इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोग घरों और फैक्ट्रियों से बाहर निकल आए। प्रशासन फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।
हाल के दिनों में हरियाणा में केमिकल और औद्योगिक इकाइयों में आग व विस्फोट की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले रेवाड़ी के बावल औद्योगिक क्षेत्र में भी एक केमिकल फैक्टरी में आग लगने से कई कर्मचारी घायल हुए थे।




