हरियाणा के Rewari में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साहबी पुल के पास स्कूल बस और कैंटर की आमने-सामने टक्कर में कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के समय बस में 44 बच्चे सवार थे।
जानकारी के अनुसार बस राजस्थान के बहरोड़ स्थित एक स्कूल की थी और बच्चे टूर पर जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में करीब 13 बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बस चालक घायल बताया जा रहा है। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद राहत कार्य में मदद की और बच्चों को बस से बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।




