केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर जारी मंथन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। कांग्रेस हाईकमान आज नई दिल्ली में बड़ी बैठक करने जा रहा है, जिसमें पूर्व केपीसीसी अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं से राय ली जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला हो सकता है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में वरिष्ठ नेता K. C. Venugopal, V. D. Satheesan और Ramesh Chennithala के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। पार्टी के भीतर इन नेताओं के समर्थन में अलग-अलग गुट सक्रिय हैं, जिसके चलते फैसला लगातार टलता रहा है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व ने कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है। बैठक में संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाने, सहयोगी दलों की राय और विधायकों की पसंद जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। कांग्रेस हाईकमान नहीं चाहता कि मुख्यमंत्री चयन को लेकर पार्टी में किसी तरह का असंतोष बढ़े।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ को स्पष्ट बहुमत मिला था, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति नहीं बन पाने से सरकार गठन में देरी हो रही है। सहयोगी दलों ने भी जल्द फैसला लेने की सलाह दी है।




