हरियाणा में नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत रविवार सुबह से मतदान जारी है। राज्य के 7 नगर निकायों में मेयर, पार्षद और वार्ड सदस्यों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 8 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया के दौरान कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार इन चुनावों में करीब 8.71 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद तथा उकलाना, सांपला और धारूहेड़ा नगर पालिकाओं में हो रहे हैं।
पंचकूला के वार्ड-15 स्थित सेक्टर-20 सनसिटी परिक्रमा सोसाइटी में पोलिंग बूथ को लेकर विवाद सामने आया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वहां केवल भाजपा का बूथ लगाया गया, जबकि अन्य दलों और उम्मीदवारों से सिक्योरिटी राशि मांगी गई।
अंबाला में कुछ मतदान केंद्रों पर वोटिंग की गति धीमी होने को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई। वहीं पंचकूला और सोनीपत में सुबह से ही महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्यभर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सोनीपत में करीब 1500 सुरक्षाकर्मी और रेवाड़ी में 1100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कई संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इन चुनावों को भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई वरिष्ठ नेताओं की साख दांव पर लगी हुई है।




