कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। जिले के शाहाबाद इलाके में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उसका शव धीरपुर और डोडा खेड़ी रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक पर मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
ट्रैक के बीच मिला शव
सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। युवक के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हादसे की पुष्टि होती है।
पहचान अब तक नहीं हो सकी
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है। उसका रंग सांवला और चेहरा लंबा है। शरीर पर कोई विशेष निशान या टैटू नहीं मिला और उसके पास कोई पहचान पत्र भी नहीं था।
स्टेशन मास्टर ने दी जानकारी
GRP के एएसआई विकास कुमार ने बताया कि स्टेशन मास्टर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव किलोमीटर 163 के पास ट्रैक के बीच पाया गया। शुरुआती जांच में ट्रेन से कटकर मौत होने की बात सामने आई है।
कपड़ों के आधार पर पहचान की कोशिश
युवक ने बैंगनी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर “ALLEN JOHN” लिखा हुआ था, और काले रंग की पैंट थी। हादसे के कारण कपड़े फट गए थे।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और अन्य थानों से भी संपर्क साधा गया है, लेकिन अभी तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है।




