फतेहाबाद। जिले में एक युवक द्वारा बिजली विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट और पिस्टल से धमकाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने कर्मचारी को गांव की गलियों में दौड़ाया, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया।
जान बचाने के लिए घर में छिपा कर्मचारी
मिली जानकारी के अनुसार, युवक ने बिजलीकर्मी पर पिस्टल तान दी और उसका पीछा किया। डर के कारण कर्मचारी एक पड़ोसी के घर में जाकर छिप गया, लेकिन आरोपी उसे वहां से भी जबरन बाहर ले आया।
बीच रास्ते में की गई मारपीट
आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर कर्मचारी को रास्ते में गिराकर पीटा। इस दौरान हुई हाथापाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घटना साफ दिखाई दे रही है।
आसपास के लोग सहमे
घटना के दौरान हंगामा बढ़ता देख आसपास की महिलाएं अपने घरों में दुबक गईं। पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बिजली कनेक्शन काटने से था नाराज
बताया जा रहा है कि युवक ने बिजली बिल जमा नहीं किया था, जिसके चलते लाइनमैन ने उसका कनेक्शन काट दिया। इसी बात से गुस्साए युवक ने यह हरकत की।
पुलिस को दी गई शिकायत
बिजली कर्मचारियों की यूनियन ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।




