हरियाणा के अंबाला जिले के बराड़ा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में कुरुक्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। उसका आरोप है कि विवाह के समय पति की पिछली दो शादियों और एक बेटी होने की जानकारी उससे छुपाई गई थी।
विवाहिता के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उस पर मारपीट करने और दहेज में गाड़ी व नकदी की मांग करने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही यह भी आरोप है कि उस पर दबाव बनाकर कुछ कागजातों पर हस्ताक्षर करवाए गए, जिनमें उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ दिखाने की कोशिश की गई।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष खुद को प्रभावशाली बताकर उसे डराता-धमकाता था। एक बार जब उसके मायके वाले उसे लेने पहुंचे तो बच्चे को छिपा लिया गया और पैसे की मांग की गई।
विवाहिता का कहना है कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है, लेकिन उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं और उससे संपर्क भी तोड़ दिया गया है।
पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।




