कैथल जिले के सीवन क्षेत्र में एक व्यक्ति को कथित रूप से योजना बनाकर ट्रक से कुचलने के मामले में पुलिस ने एक महिला को काबू किया है। आरोप है कि महिला ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने साथ रह रहे युवक की हत्या का प्रयास किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जींद जिले के गांव रायचंदवाला निवासी नीलम के रूप में हुई है।
पेगा गांव निवासी किरपाल ने शिकायत में बताया कि वह राजौंद में शराब ठेके पर काम करता है। उसकी नीलम से जान-पहचान हुई थी और दोनों राजौंद में किराए के मकान में लिव-इन संबंध में रह रहे थे। कुछ समय से नीलम का संपर्क जींद जिले के गांव कलोदा निवासी परविंद्र से बढ़ गया था।
बताया गया कि नीलम कुछ दिन पहले किरपाल को छोड़कर परविंद्र के पास चली गई। 17 फरवरी की रात किरपाल उन्हें तलाशते हुए कैथल के ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचा, जहां उसने एक ट्रक में दोनों को साथ देखा।
पहिया चढ़ाकर गंभीर रूप से घायल किया
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे देखते ही आरोपी ट्रक लेकर वहां से निकल गए। 18 फरवरी तड़के करीब 3:15 बजे खानपुर बस अड्डे के पास उसने दोबारा ट्रक के पास पहुंचकर आवाज लगाई। आरोप है कि इस दौरान नीलम और अजय ने परविंद्र को उकसाया, जिसके बाद ट्रक का अगला पहिया किरपाल की टांगों, पसलियों और बाजुओं पर चढ़ा दिया गया। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को कैथल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
कोर्ट में पेश कर भेजा जेल
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि थाना सीवन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ के बाद नीलम को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




