कुरुक्षेत्र, 15 फरवरी। जिले के बाबैन गांव के पास एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया। यह दुर्घटना उस समय हुई जब चलती बाइक के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया और संतुलन बिगड़ने से दोनों सड़क पर जा गिरे।
मृतक की पहचान बाबैन निवासी चंदा राम के रूप में हुई है। उनके पुत्र सत प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है और अपनी बहनों का इकलौता भाई है। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने पिता के साथ बाइक पर शाहाबाद की ओर किसी निजी कार्य से जा रहा था।
जब वे हरि सिंह के माजरा गांव से कुछ दूरी पहले एक राइस शेलर के पास पहुंचे, तभी अचानक एक कुत्ता बाइक के ठीक सामने आ गया। सत प्रकाश ने टक्कर से बचने के लिए बाइक को दाईं ओर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता सामने ही आ गया और बाइक उससे टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
हादसे में चंदा राम के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरी चोटें आईं। सत प्रकाश को भी चोटें आई हैं। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने चंदा राम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बेटे के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की जांच जारी है।




