Home » क्राइम » दो वर्ष पुराने हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी काबू, प्रेम प्रसंग बना वजह

दो वर्ष पुराने हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी काबू, प्रेम प्रसंग बना वजह

Picture of insightnews24

insightnews24

यमुनानगर, 15 फरवरी। यमुनानगर में वर्ष 2024 में हुए अजय कुमार हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी अमित कुमार उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है। उसे जगाधरी क्षेत्र की शांति कॉलोनी से हिरासत में लिया गया।

इस मामले में मृतक की पत्नी कोमल उर्फ रूबी और उसकी दिव्यांग सहेली सोनम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

डीएसपी जगाधरी राजीव मिगलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 मार्च 2024 को गोल्डन पुरी कॉलोनी निवासी अजय कुमार (40) की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। अजय मूल रूप से बिहार के मोतिहारी जिले का निवासी था। हमलावरों ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए तथा गर्दन और पेट पर चाकू से हमला किया। वारदात के बाद शव को ई-रिक्शा में डालकर बुढ़िया रोड स्थित देवीलाल कॉलेज के सामने खेतों में ले जाकर आग के हवाले कर दिया गया।

पुलिस को खेतों से अधजली लाश बरामद हुई थी। शुरुआती जांच में पहचान नहीं हो सकी, लेकिन दाहिने हाथ पर ‘अजय कुमार’ और ‘कोमल’ नाम गुदा हुआ मिला तथा ऊपर ‘ओम’ का टैटू बना था। बाद में शव की शिनाख्त अजय कुमार के रूप में हुई। पोस्टमॉर्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया था।

तफ्तीश के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी को जांच में शामिल किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश में कोमल और उसकी मित्र सोनम की भूमिका थी। पुलिस के अनुसार कोमल के अमित के साथ अवैध संबंध थे और उसने उसे 35 हजार रुपये देकर ई-रिक्शा खरीदने में मदद की थी।

घटना के बाद से अमित फरार चल रहा था। 13 फरवरी को सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे शांति कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी की जा सके।

जांच में यह भी सामने आया कि कोमल और अमित के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई थी। इसी बीच अजय बिहार जाकर दूसरी शादी कर बैठा, जिससे कोमल नाराज थी। अजय लगातार कोमल पर बच्चों समेत बिहार चलने का दबाव बना रहा था, जबकि वह यमुनानगर में ही रहना चाहती थी।

बताया गया है कि 20 मार्च 2024 की रात तीनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। देर रात अमित और सोनम ने घर पहुंचकर सो रहे अजय पर हमला किया। मौत के बाद शव को रजाई में लपेटकर ई-रिक्शा के जरिए खेतों में ले जाकर जला दिया गया।

पुलिस अब मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स