Home » लेटेस्ट न्यूज़ » बहराइच से शाहाबाद नौकरी की उम्मीद में आया 21 वर्षीय युवक लापता, 12 दिन से नहीं मिली कोई जानकारी

बहराइच से शाहाबाद नौकरी की उम्मीद में आया 21 वर्षीय युवक लापता, 12 दिन से नहीं मिली कोई जानकारी

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र (शाहाबाद)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से हरियाणा के शाहाबाद काम की तलाश में पहुंचे युवक के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है। 21 वर्षीय अनिल को उसके दोस्त ने नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर बुलाया था और सफर का खर्च भी खुद भेजा था। शाहाबाद पहुंचने के अगले ही दिन अनिल लापता हो गया। करीब 12 दिन बीत जाने के बावजूद परिजन और पुलिस को उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

दोस्त ने किया था नौकरी का वादा

अनिल के पिता लक्खु के अनुसार, उनका बेटा पहले गुजरात के अहमदाबाद में काम कर रहा था। इसी दौरान उसके दोस्त रामू ने फोन कर शाहाबाद में कोल्ड स्टोरेज में नौकरी की पेशकश की। रामू ने बताया कि वहां 27 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा और रहने-खाने की व्यवस्था भी नियोक्ता की ओर से होगी।

अनिल के पास यात्रा के लिए पैसे नहीं थे, तो रामू ने किराया भेज दिया। 31 जनवरी को अनिल शाहाबाद पहुंचा और रामू की पत्नी मीना देवी के पास ठहरा।

अगली सुबह से कोई पता नहीं

परिजनों का कहना है कि शाहाबाद पहुंचने के बाद अनिल को कोल्ड स्टोरेज दिखाया गया। वहां कुछ लोगों से उसकी मुलाकात भी कराई गई। आरोप है कि उसे खाना खिलाया गया और शराब भी पिलाई गई। इसके बाद अगली सुबह अनिल अचानक गायब हो गया।

मीना देवी का कहना है कि अनिल नशे की हालत में चोटिल हो गया था और फिर सुबह बाइक लेकर कहीं चला गया। हालांकि जब परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की, तो उन्हें रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं कराई गई। अनिल का मोबाइल फोन भी वहीं रह जाने की बात सामने आई है।

रिश्तेदारों में तलाश, परिवार परेशान

परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों में भी पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अनिल की शादी करीब 10 महीने पहले हुई थी। अचानक लापता होने से पत्नी और परिवारजन बेहद चिंतित हैं।

गुमशुदगी दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

शाहाबाद थाने में युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि युवक के अंतिम संपर्क, आवागमन के रास्तों और उसके साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि जल्द से जल्द युवक का पता लगाया जा सके।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स