कुरुक्षेत्र (लाडवा)। लाडवा कस्बे में सुबह स्कूल जा रही 15 वर्षीय छात्रा के साथ अपहरण का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक वैन में सवार तीन युवकों ने रास्ते में छात्रा को रोककर उसे गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। खतरा भांपते ही छात्रा ने अपना बैग छोड़ दिया और दौड़कर पास के एक मकान में घुस गई, जिससे वह सुरक्षित बच निकलने में सफल रही।
वैन रुकते ही घबराई छात्रा
पीड़िता लाडवा के वार्ड-9 की निवासी है और वार्ड-5 स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा पांचवीं की छात्रा है। रोजाना की तरह वह पैदल स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर आकर एक वैन रुकी। वैन में बैठे लोगों ने उसका बैग पकड़ लिया और उसे जबरन अंदर खींचने लगे।
घटना से घबराई छात्रा ने बैग वहीं छोड़ दिया और जोर-जोर से चिल्लाते हुए सामने बने घर में शरण ले ली। घर के लोगों ने उसे संभाला और फोन उपलब्ध कराया, जिसके बाद उसने अपने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए।
बैग मिला स्कूल के पास, फुटेज खंगाल रही पुलिस
बाद में छात्रा का बैग उसके स्कूल के नजदीक से बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध वाहन और आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। घटना के बाद से छात्रा मानसिक रूप से काफी सहमी हुई है।
पुलिस का बयान
थाना लाडवा के एसएचओ गुरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है और हर पहलू से जांच की जा रही है। अब तक सामने आई फुटेज में किसी वैन का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। अन्य स्थानों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल परिजनों की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, शिकायत मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




