हिसार निवासी एक युवती ने करनाल के युवक पर शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने, गर्भ ठहरने पर जबरन गर्भपात कराने और बाद में विवाह से पीछे हटने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए करनाल पुलिस को भेज दिया है।
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसका एक छोटा बेटा है। 2022 में बीमारी के चलते पति का निधन हो गया। इसके बाद वह मायके में रहकर घरेलू काम कर जीवन यापन कर रही थी। इसी दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उसकी जान-पहचान करनाल निवासी युवक से हुई।
सहानुभूति दिखाकर बढ़ाया संपर्क
युवती का आरोप है कि युवक ने उसकी स्थिति पर सहानुभूति जताते हुए साथ निभाने, शादी करने और बच्चे को अपनाने का भरोसा दिलाया। आरोपी की बातों पर विश्वास कर वह उससे मिलने कई बार करनाल गई।
होटल में बुलाकर बनाए संबंध
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने एक बार उसे करनाल बुलाकर बस अड्डे के पास स्थित एक होटल में ठहराया, जहां शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद कुछ समय तक युवक शहर से बाहर रहा।
गर्भधारण के बाद कराया गर्भपात
पीड़िता का कहना है कि युवक के लौटने के बाद फिर मुलाकातें हुईं और वह गर्भवती हो गई। जब उसने यह जानकारी दी तो आरोपी ने दवा देकर गर्भपात करा दिया।
विवाह से मुकरा, दूसरी जगह तय हुई सगाई
युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी की बात टालते हुए अंततः परिवार की सहमति न होने का हवाला देकर रिश्ता तोड़ दिया। बाद में उसे पता चला कि युवक की सगाई कहीं और कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है और केस डायरी को संबंधित थाना क्षेत्र, करनाल भेजा गया है। आगे की जांच वहीं से की जाएगी।




