Home » लेटेस्ट न्यूज़ » महाभारत अनुभव केंद्र इतिहास को देखने नहीं, जीने का अवसर : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा

महाभारत अनुभव केंद्र इतिहास को देखने नहीं, जीने का अवसर : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र, 29 जनवरी।
ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र इतिहास के साथ एक जीवंत और आधुनिक अनुभव प्रदान करता है, जिसे महसूस किया जा सकता है, देखा जा सकता है और जिया जा सकता है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि यह अनुभव केंद्र छात्रों, पर्यटकों, शोधार्थियों और परिवारों के लिए एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक स्थल बनकर उभरा है।

उपायुक्त ने बताया कि महाभारत अनुभव केंद्र में थ्री-डी प्रोजेक्शन, लेजर शो, लाइट एंड साउंड शो, हाइपर-रियलिस्टिक मूर्तियां, टच इंटरएक्टिव डिस्प्ले, इमर्सिव रूम्स और अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग किया गया है। यहां युद्ध-पूर्व गाथा, श्रीमद्भगवद्गीता जोन, महाभारत युद्ध और कुरुक्षेत्र 48 कोस यात्रा से जुड़े प्रमुख थीम जोन बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र में प्राचीन भारतीय विज्ञान, योग, आयुर्वेद और गणित से जुड़े महान विद्वानों जैसे आर्यभट्ट और कणाद पर आधारित प्रदर्शनी भी स्थापित की गई है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से महाभारत के प्रत्येक महत्वपूर्ण क्षण को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का अनूठा प्रयास किया गया है। साथ ही यहां कुरुक्षेत्र के 48 कोस के तीर्थों का विस्तृत वर्णन भी देखने को मिलता है।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम सहित विभिन्न मंचों पर ज्योतिसर महाभारत अनुभव केंद्र की सराहना की है। इस केंद्र में कुल पांच ब्लॉक बनाए गए हैं, जहां आधुनिक तकनीक के माध्यम से महाभारत के प्रमुख प्रसंगों और गीता उपदेशों को आकर्षक अंदाज में प्रदर्शित किया गया है। प्रतिदिन देश-विदेश से पर्यटक, विद्यार्थी और वीवीआईपी आगंतुक इस भव्य संग्रहालय का अवलोकन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए टिकट दरों में बड़ी राहत दी गई है। प्रशासन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए सरकार ने विद्यार्थियों की टिकट राशि 200 रुपये से घटाकर 50 रुपये कर दी है। पर्यटन विभाग द्वारा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है। कॉलेज विद्यार्थियों के लिए वीक-डे (सोमवार से शुक्रवार) 100 रुपये और वीकेंड (शनिवार-रविवार) 150 रुपये टिकट निर्धारित की गई है।

इसके अलावा अन्य भारतीय नागरिकों के लिए वीक-डे में 200 रुपये और वीकेंड पर 250 रुपये, जबकि विदेशी नागरिकों के लिए वीक-डे में 500 रुपये और वीकेंड पर 600 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट निर्धारित की गई है। उपायुक्त ने बताया कि विद्यार्थियों को स्कूल या कॉलेज का पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस भव्य महाभारत अनुभव केंद्र का अवश्य अवलोकन करें।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स