कुरुक्षेत्र, 28 जनवरी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मुख्यमंत्री घोषणाओं (सीएम अनाउंसमेंट) से जुड़े सभी विकास कार्यों को गंभीरता और तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन प्रोजेक्टों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी, क्योंकि स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इनकी नियमित समीक्षा करते हैं। उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग की प्रगति व स्टेटस रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में सीएम अनाउंसमेंट से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि पिपली में प्रस्तावित बस स्टैंड के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और विभाग द्वारा आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लाडवा विधानसभा क्षेत्र के 44 गांवों में से 31 गांवों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है, जिसे बरसात से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। शेष गांवों में भी औपचारिकताएं पूरी कर जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके साथ ही झांसा और लाडवा के सरकारी अस्पतालों में शीघ्र ही एक्स-रे मशीनें स्थापित की जाएंगी।
उपायुक्त ने बताया कि पिहोवा शहर में एक चौक का नाम लखी शाह बंजारा चौक रखने की प्रक्रिया जारी है, जिसे नगर पालिका की हाउस बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। वहीं पिहोवा के वार्ड नंबर 1 से 17 तक लगभग 80 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। लाडवा में डॉ. बी.आर. अंबेडकर भवन की ड्राइंग प्राप्त हो चुकी है और भवन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा गया है।
सीएम अनाउंसमेंट के तहत गांव थाना से बलवंती रोड, गांव कराह साहिब से सदीकपुर, पिहोवा से नया दीवाना रोड, सरस्वती खेड़ा से धनीरामपुरा तथा अंबाला-हिसार एनएच से रसूलपुर-बेगपुर मार्ग के निर्माण कार्य मार्च माह में शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा अरुणाय से अरुणाय मंदिर तक मार्ग के सौंदर्यीकरण, चौड़ीकरण और लाइटिंग का कार्य शिवरात्रि पर्व के बाद शुरू किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त ने लाडवा में नगर पालिका भवन निर्माण को लेकर डीएमसी को निर्देश दिए कि भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखते हुए डिजाइन तैयार की जाए। उन्होंने इंद्री रोड और वार्ड नंबर एक में बनने वाले कम्युनिटी सेंटर, बुढ़ेडा हेड के सौंदर्यीकरण, पिहोवा में ड्रेन पर पुल तथा अंबाला बाइपास पर सरस्वती ड्रेन पर पुल निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की।
इसके साथ ही लाडवा, इस्माइलाबाद और बाबैन में फायर स्टेशन स्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आपात स्थितियों में फायर वाहनों की त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सके। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरोट की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने सभी विभागों को अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम थानेसर शाश्वत सारवान, एसडीएम लाडवा अनुभव मेहता, डीएमसी अमन कुमार, नगराधीश आशीष कुमार, डीडीए डॉ. कर्मचंद, डीईओ विनोद कौशिक, डीआरओ चेतना चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




