चंडीगढ़।
रोहतक ज़िले के लाखन माजरा गांव के होनहार बास्केटबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय हार्दिक राठी के परिजनों ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाक़ात की। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता भी मौजूद रहे।
मुलाक़ात के दौरान माहौल भावुक हो गया। हार्दिक राठी के संघर्ष और असमय निधन का ज़िक्र आते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान भी भावुक हो उठे। अनुराग ढांडा ने कहा कि यह केवल औपचारिक भेंट नहीं थी, बल्कि एक टूटे हुए परिवार के दर्द और व्यवस्था की संवेदनहीनता पर साझा संवाद का क्षण था।
अनुराग ढांडा ने कहा कि हार्दिक राठी की मौत कोई साधारण हादसा नहीं, बल्कि हरियाणा में खेल ढांचे की घोर लापरवाही और सरकारी उदासीनता का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को भगवान भरोसे छोड़ दिया है, जिसका खामियाज़ा युवा खिलाड़ी अपनी जान देकर चुका रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हार्दिक जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को सुरक्षित खेल माहौल और बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पाईं, जिससे एक उज्ज्वल भविष्य अधूरा रह गया। यह सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि हरियाणा के हजारों युवा खिलाड़ियों के भविष्य पर बड़ा सवाल है।
इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार खेल को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखती। उन्होंने बताया कि पंजाब में करीब 3,000 आधुनिक और विश्वस्तरीय स्टेडियमों का निर्माण कराया जा रहा है, जहां सुरक्षित ढांचा, बेहतर सुविधाएं और युवाओं के सर्वांगीण विकास की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल मैदान बच्चों और युवाओं के सपनों की पहली सीढ़ी होते हैं और यदि वही असुरक्षित हों तो यह शासन की सीधी विफलता है। उन्होंने खिलाड़ियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता न करने की बात दोहराई।
अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा, जिसे कभी खेल प्रतिभाओं की नर्सरी माना जाता था, आज वहां के खिलाड़ी जर्जर स्टेडियमों, टूटे उपकरणों और असुरक्षित ढांचों के बीच अभ्यास करने को मजबूर हैं। भाजपा सरकार आंखें मूंदे बैठी है और युवाओं की जान से हो रहे खिलवाड़ पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही।
उन्होंने मांग की कि हरियाणा सरकार तत्काल सभी खेल परिसरों का सुरक्षा ऑडिट कराए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और हार्दिक राठी के परिवार को न्याय दिलाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सिर्फ शोक व्यक्त करने की राजनीति नहीं, बल्कि व्यवस्था बदलने की राजनीति करती है।




