कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। ईशरहेड़ी गांव के पास दो कारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें कार में सवार महिला को गंभीर सिर की चोटें आईं।
मृतका की पहचान सीमा देवी (40) निवासी गांव सौंटा, जिला अंबाला के रूप में हुई है। वह एक गृहिणी थीं और अपने भांजे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने अंबाला से लाडवा आई थीं।
पुलिस के अनुसार, सीमा देवी अपने रिश्तेदारों के साथ कार में सवार होकर लाडवा से अंबाला लौट रही थीं। कार मामा के बेटे संदीप कुमार चला रहे थे। कार में आगे की सीट पर रामकरण बैठे थे, जबकि पीछे की सीट पर सीमा देवी और धर्मो मौजूद थीं।
शाम करीब 4:15 बजे जब कार ईशरहेड़ी गांव के जंगल क्षेत्र से आगे शाहाबाद रोड पर पहुंची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सीमा देवी उछलकर आगे की ओर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
हादसे में अन्य तीनों यात्रियों को हल्की चोटें आईं। पीछे से आ रहे परिजनों ने घायल सीमा देवी को तुरंत आदेश अस्पताल, मोहड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद दूसरी कार का चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने थाना बाबैन में मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।




