Home » क्राइम » हांसी में शराब पार्टी के दौरान गिरकर युवती की मौत, रजनी को लेकर सामने आए चौंकाने वाले तथ्य

हांसी में शराब पार्टी के दौरान गिरकर युवती की मौत, रजनी को लेकर सामने आए चौंकाने वाले तथ्य

Picture of insightnews24

insightnews24

हांसी।
हरियाणा के हांसी में शराब पार्टी के दौरान इमारत से गिरकर जान गंवाने वाली युवती रजनी के मामले में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। मृतका की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। कम उम्र में ही रजनी की तीन शादियां हो चुकी थीं। वह फिलहाल रोहतक में रह रही थी, जबकि इससे पहले उसकी शादी सिवानी के बड़वा और कलानौर क्षेत्र में भी हुई थी।

रजनी के माता-पिता चरखी दादरी जिले के निवासी हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलने पर वे हांसी पहुंचे, लेकिन उन्होंने शव को अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में हांसी में ही रजनी का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने काफी समय पहले ही रजनी से नाता तोड़ लिया था। उनके अनुसार, रजनी के व्यवहार के कारण उसकी एक के बाद एक तीन शादियां हुई थीं।

परिवार ने बताया कि रजनी पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर थी। परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं। रजनी की एक छोटी बेटी भी है, जो फिलहाल अपने नाना-नानी के पास रह रही है। रजनी कभी-कभी फोन पर अपनी बेटी और परिवार से बात करती थी। शनिवार शाम करीब छह बजे उसने आखिरी बार फोन किया था और तबीयत खराब होने की बात कहकर सुबह दोबारा बात करने की बात कही थी, लेकिन अगली सुबह संपर्क नहीं हो पाया। कुछ देर बाद परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली।

ऐसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात हांसी में काली देवी मंदिर के पास ब्रह्मकुमारी आश्रम के नजदीक स्थित एक ऑफिस बिल्डिंग में शराब पार्टी चल रही थी। पार्टी में चार युवक और एक युवती मौजूद थे। शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो बाद में झगड़े में बदल गई।

बताया जा रहा है कि झगड़ा बढ़ता देख कलानौर निवासी रजनी और हांसी निवासी विकास (26) बीच-बचाव करने लगे। इसी दौरान धक्का-मुक्की में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे कमरे की खिड़की से नीचे गिर गए। नीचे गिरते ही रजनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक को उसके साथी हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी विनोद शंकर और शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस जांच में जुटी
शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। घायल युवक की हालत अभी भी गंभीर है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। परिजनों द्वारा शव लेने से मना किए जाने के बाद प्रशासन की अनुमति से हांसी के सिसाय रोड स्थित श्मशान घाट में रजनी का अंतिम संस्कार कराया गया।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स