गुरुग्राम।
गुरुग्राम पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से लोहे की प्लेट व अन्य सामान चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपये की नकदी और चोरी की वारदात में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना बादशाहपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 16 जनवरी 2025 की रात को टिकली रोड, बादशाहपुर स्थित उसके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोर लोहे की प्लेट और अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना बादशाहपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-31, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को सेक्टर-31 क्षेत्र से दो आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैप्टन (25) निवासी जिला अमृतसर और दीपचंद (31) निवासी सूरज की ढाणी, बादशाहपुर, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने चोरी किया गया लोहे का सामान और अन्य सामग्री राह चलते एक कबाड़ी को 25 हजार रुपये में बेच दी थी।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपये की नकदी और एक ऑटो रिक्शा बरामद किया है। दोनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




