Home » लेटेस्ट न्यूज़ » गुरुग्राम में डिलीवरी राइडरों पर स्कॉर्पियो चढ़ाने का मामला, आयुर्वेद डॉक्टर गिरफ्तार

गुरुग्राम में डिलीवरी राइडरों पर स्कॉर्पियो चढ़ाने का मामला, आयुर्वेद डॉक्टर गिरफ्तार

Picture of insightnews24

insightnews24

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में डिलीवरी राइडरों को स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज घटना में BAMS डॉक्टर नवीन यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दौलताबाद स्थित स्वास्थ्य विभाग के प्राइमरी हेल्थ सेंटर में तैनात बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर अपनी काली स्कॉर्पियो में अवैध रूप से हूटर लगवाकर इलाके में रौब दिखाता था। बताया जा रहा है कि पड़ोस की इमारत में स्विगी का आउटलेट खुलने और वहां बेहतर किराया मिलने से वह नाराज था। साथ ही, गली में डिलीवरी राइडरों की बाइकें खड़ी रहने को लेकर भी उसे आपत्ति थी।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि डिलीवरी राइडरों पर चार बार स्कॉर्पियो चढ़ाने का प्रयास किया गया। इस हमले में टिंकू पवार नामक राइडर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे छाती, पेट, कमर और पैर में फ्रैक्चर आए हैं। चिकित्सकों ने उसे लंबे समय तक आराम की सलाह दी है।

पीड़ित की आपबीती


सेक्टर-10 थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, घायल टिंकू पवार (43) रेवाड़ी के चांदपुर की ढाणी का निवासी है और स्विगी में डिलीवरी राइडर के रूप में कार्यरत है। उसने बताया कि 18 जनवरी की रात वह स्विगी पॉइंट के बाहर खड़ा था, तभी सायरन बजाती स्कॉर्पियो आई और उसकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने गाड़ी स्टार्ट कर जानलेवा इरादे से तीन से चार बार आगे-पीछे करते हुए उसे कुचलने की कोशिश की।

हमले की वजहें आईं सामने


पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में हमले के पीछे तीन कारण सामने आए हैं। पहला, आर्थिक नुकसान और जलन—पड़ोसी की बिल्डिंग स्विगी कंपनी को ऊंचे किराए पर दी गई थी, जबकि आरोपी की संपत्ति खाली पड़ी थी। दूसरा, रास्ता बाधित होना—डिलीवरी राइडरों की बाइकें सड़क किनारे खड़ी रहने से आवागमन में दिक्कत होती थी। तीसरा, गाली-गलौज और माहौल बिगड़ना—आरोपी का कहना है कि कुछ राइडर वहां खड़े होकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते थे, जिससे इलाके का माहौल खराब होता था।

पुलिस का बयान


सेक्टर-10 थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि आरोपी डॉक्टर नवीन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे हयातपुर गांव से पकड़ा गया, जबकि काली स्कॉर्पियो को उसके घर के बाहर से बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स