सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में तीन दिनों से लापता युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आपसी रंजिश के चलते युवक की हत्या कर शव को यमुना नदी के किनारे गड्ढा खोदकर दबा दिया गया था। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया है।
मृतक की पहचान गांव बेगा निवासी 29 वर्षीय सोनू शर्मा उर्फ टिटा के रूप में हुई है। वह 12 जनवरी की शाम दवा लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों की सूचना पर थाना गन्नौर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
परिजनों की शिकायत के बाद जांच तेज
मृतक के बड़े भाई मोनू शर्मा ने पुलिस को बताया कि सोनू खेती करता था और अविवाहित था। परिवार में माता-पिता और दो भाई हैं। सोनू के लापता होने के बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी
पुलिस ने घटनाक्रम की जांच के दौरान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस को कुछ अहम जानकारियां मिलीं, जिसके बाद एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या और शव छिपाने की बात स्वीकार की।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, मेडिकल स्टोर से लौटते समय राकसेड़ा-बुढ़नपुर रोड पर 10 से 12 युवकों ने सोनू को अपने साथ बैठाया, जहां शराब पार्टी के दौरान कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसमें सोनू की मौत हो गई।
यमुना किनारे दबाया गया शव
घटना के बाद आरोपी शव को बाइक पर रखकर गांव बेगा के पास यमुना नदी के किनारे ले गए और गड्ढा खोदकर दबा दिया। शुक्रवार को पुलिस टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट, एफएसएल टीम और वीडियोग्राफी के साथ मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
पिछले आपराधिक मामलों की भी जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सोनू शर्मा के खिलाफ पूर्व में भी कुछ आपराधिक मामले दर्ज थे। वर्ष 2021 में पानीपत में एक गनमैन पर हमले के मामले में उसका नाम सामने आया था। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है।
एसीपी ऋषिकांत का बयान
एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।




