कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल जूडो-कराटे खिलाड़ी एकांत के बाद उसके दोस्त रोहन शाह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रोहन का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा था, जबकि दुर्घटना वाले दिन ही एकांत की मौत हो गई थी।
मृतक रोहन शाह (18) गांव गुढ़ा का निवासी था और लाडवा में एक जूते की दुकान पर काम करता था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान और परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उधर, 19 वर्षीय एकांत भी अपने माता-पिता का अकेला बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। एकांत बरगट जाटान गांव के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था और राष्ट्रीय स्तर का जूडो-कराटे खिलाड़ी था। वह भविष्य में कॉमनवेल्थ गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रहा था।
दोनों दोस्त हादसे के समय बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। एकांत जोगी माजरा गांव का रहने वाला था, जबकि रोहन गुढ़ा गांव का निवासी था। दोनों के गांव लाडवा-मुस्तफाबाद रोड पर आमने-सामने स्थित हैं। एकांत पिछले करीब एक साल से लाडवा की भरपूर कॉलोनी स्थित यूथ स्पोर्ट्स एकेडमी में जूडो-कराटे का प्रशिक्षण ले रहा था और अभ्यास के बाद रोहन को भी बाइक पर साथ ले जाता था।
एकांत के चाचा जसबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 जनवरी की शाम वह काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान उनका भतीजा एकांत अपने दोस्त रोहन को बाइक पर बैठाकर पीछे-पीछे आ रहा था। घना कोहरा होने के कारण सभी सावधानी से अपनी लेन में चल रहे थे। तभी लाडवा-मुस्तफाबाद रोड पर गांव दुगारी के पास सामने से आई तेज रफ्तार सफेद अल्टो कार ने एकांत की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एकांत को मृत घोषित कर दिया। रोहन की हालत नाजुक होने पर उसे पहले कुरुक्षेत्र और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां गुरुवार को उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने रोहन के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद से कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




