अंबाला | हरियाणा
अंबाला के बलदेव नगर थाना परिसर में हुए कार ब्लास्ट प्रकरण में नाम सामने आने के बाद पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है। भट्टी ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि उसे इस मामले में जानबूझकर फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
भट्टी का कहना है कि उसके खिलाफ जबरन एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की जा रही है, जबकि घटना से उसका कोई संबंध नहीं है। वीडियो में थाने की तस्वीरें, कार में रखा गया सिलेंडर और कुछ सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी शामिल हैं, जिनमें कथित तौर पर कुछ संगठनों द्वारा हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
हालांकि, वायरल हो रहे इस ऑडियो-वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऑडियो पंजाबी भाषा में बताया जा रहा है, जिसे हिंदी अनुवाद के साथ भी साझा किया जा रहा है।
वीडियो में लगाए गए आरोप
वीडियो संदेश में शहजाद भट्टी ने दावा किया कि 10 जनवरी को हुए घटनाक्रम के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया और उनसे कथित रूप से मारपीट कर उसका नाम उगलवाने का दबाव बनाया गया। उसका कहना है कि इन्हीं बयानों के आधार पर एफआईआर में उसका नाम जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
भट्टी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर पहले से मौजूद पोस्ट में कुछ लोग इस घटना की जिम्मेदारी ले रहे हैं और उनके द्वारा सबूत भी पेश किए गए हैं, इसके बावजूद पुलिस उसे निशाना बना रही है।
निष्पक्ष जांच की मांग
वीडियो में भट्टी ने मीडिया और प्रशासन से अपील की है कि बलदेव नगर थाना परिसर में हुए नुकसान की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही मांग की गई है कि जिन लोगों ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। भट्टी का कहना है कि यदि पुलिस का दावा है कि कोई धमाका नहीं हुआ, तो फिर उसका नाम किसी भी केस में शामिल न किया जाए।
घटना का क्रम
10 जनवरी को अंबाला के बलदेव नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति मारुति-800 कार लेकर पहुंचा और उसे थाने के पास खड़ा कर चला गया। कुछ देर बाद वह वापस लौटा, कार की वीडियो रिकॉर्ड करने लगा और फिर अचानक गाड़ी में आग लगाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वाहन में दो धमाके हुए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक टीम, बम स्क्वॉड और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।




