गुरुग्राम | 6 जनवरी
गुरुग्राम में 5 जनवरी को रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान देने वाले युवक विक्रम कुमार की आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आ गई है। मृतक ने अपनी पत्नी की कथित बेवफाई और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर यह कदम उठाया था। आत्महत्या से पहले उसने अपने साले को एक वीडियो संदेश भेजकर पूरे घटनाक्रम का जिक्र किया था।
वीडियो में विक्रम ने बताया कि उसकी पत्नी रितू का विपिन उर्फ प्रिंस नामक युवक से प्रेम संबंध था। आरोप है कि रितू दो बार प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई। पहली बार वह वापस आ गई थी, लेकिन दूसरी बार 5 जनवरी को दोबारा चली गई, जिससे विक्रम पूरी तरह टूट गया।
विक्रम के अनुसार, विपिन राजस्थान के झुंझुनूं जिले का रहने वाला है। उसने फोन पर गाली-गलौज करते हुए विक्रम को जान से मारने की धमकी दी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विक्रम ने वीडियो में आरोप लगाया कि इन परिस्थितियों के कारण उसका घर बर्बाद हो गया और उसके दो मासूम बच्चे अनाथ हो गए।
रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव
आत्महत्या से पहले वीडियो भेजने के बाद विक्रम बिजवासन-गुरुग्राम रेलवे लाइन पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और दो हिस्सों में कट गया। जीआरपी को मौके से मोबाइल फोन, पर्स, पैन कार्ड और पत्नी का आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर मृतक की पहचान की गई।
परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
वीडियो सामने आने के बाद मृतक के भाई रोहित ने जीआरपी थाने में पत्नी रितू और उसके प्रेमी विपिन उर्फ प्रिंस के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों ने धमकी और मानसिक प्रताड़ना देकर विक्रम को आत्महत्या के लिए मजबूर किया।
पुलिस जांच जारी
जांच अधिकारी हरिचंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




