हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मंगलवार से ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से जिला अध्यक्षों के लिए 10 दिन का प्रशिक्षण शिविर शुरू किया जा रहा है। इस शिविर में हरियाणा के सभी जिलाध्यक्षों के साथ उत्तराखंड के चार जिलाध्यक्ष भी भाग लेंगे। पूरे कैंप की निगरानी AICC स्वयं कर रही है और इसमें पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेता प्रशिक्षण देंगे।
कुरुक्षेत्र की पंजाबी धर्मशाला में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में इस तरह के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। हाल ही में AICC और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद नए जिला अध्यक्ष नियुक्त किए हैं।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। जिला अध्यक्षों को पार्टी की नीतियों, विचारधारा और संगठनात्मक कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे बेहतर ढंग से जिम्मेदारी निभा सकें।
चुनावी रणनीति और बूथ स्तर पर फोकस
प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के इतिहास, उपलब्धियों, नीतियों और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने के तरीकों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
केवल जिलाध्यक्ष होंगे शामिल
इस शिविर में केवल जिला अध्यक्ष शामिल होंगे, सामान्य कार्यकर्ताओं को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। कैंप 10 दिनों तक चलेगा और 22 जनवरी को समाप्त होगा। कार्यक्रम का संचालन AICC के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।
राहुल गांधी के आने की संभावना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 या 20 जनवरी को कुरुक्षेत्र आने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अभी उनके दौरे को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसी दौरान कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कार्यक्रम भी तय हो सकता है।
12 गांवों में जाएंगे जिलाध्यक्ष
थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने बताया कि जिले के किरमिच, पलवल, भिवानी खेड़ा, उमरी, कनीपला, गढ़ी रोडान, खिजरपुरा, लोहार माजरा और धुराला सहित कुल 12 गांवों का चयन किया गया है। ये गांव थानेसर, पिहोवा, शाहाबाद और लाडवा विधानसभा क्षेत्रों के हैं, जहां जिला अध्यक्ष जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। संभावना है कि राहुल गांधी भी इनमें से किसी एक गांव का दौरा कर सकते हैं।




