झज्जर जिले के रेदूवास गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक वारदात सामने आई है। आरोप है कि पहले मारपीट की गई और फिर फायरिंग की गई, जिसमें एक युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहादुरगढ़ के लाइनपार स्थित शास्त्री नगर निवासी हर्ष कुमार गौतम ने पुलिस को बताया कि वह मॉडलिंग का काम करता है। 25 दिसंबर 2025 को वह अपनी नानी भानवती देवी को रेदूवास गांव में मौसी पदमा के घर छोड़कर आया था। 10 जनवरी को दोपहर करीब दो बजे वह साथियों के साथ दोस्त की क्रेटा कार में नानी को लेने गांव पहुंचा।
हर्ष के अनुसार, मौसी के घर से पहले ही गली में मनीष, जितेश, सतवीर उर्फ सत्ते, दिलबाग, दीपांशु, हिमांशु, निखिल, नसीब, सुनील, सोनू, मनजीत, गौर, नवीन और कुंदनलाल सहित अन्य लोग उसकी गाड़ी के आगे आकर खड़े हो गए और रास्ता रोक लिया। जब वह गाड़ी से उतरा तो कथित तौर पर मनीष ने उसे गोली मारने के लिए उकसाया। इसके बाद मान सिंह की छत से फायरिंग की गई, जो उसके सिर के ऊपर से निकल गई।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों, सरियों और अन्य हथियारों से उसके साथ मारपीट की और उसकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया। नसीब पर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से निकल पाया। घायल अवस्था में उसे सरकारी अस्पताल झज्जर ले जाया गया, जहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
हर्ष ने बताया कि आरोपियों का उसकी मौसी के बेटे कपिल की खेत की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जमीन से कब्जा हटाने को लेकर पंचायत भी हो चुकी थी। आरोप है कि कब्जा बनाए रखने के लिए ही उस पर जानलेवा हमला किया गया।
साल्हावास थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि रेदूवास गांव में मारपीट और फायरिंग की सूचना पर शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।




