रेवाड़ी जिले के जलियावास गांव में एक निजी कंपनी में काम करने वाले युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी सुजीत (24) के रूप में हुई है। वह अपने छोटे भाई जयकुमार के साथ बावल स्थित एक कंपनी में नौकरी करता था। दोनों भाई अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी करते थे। शनिवार सुबह जब जयकुमार नाइट शिफ्ट समाप्त कर कमरे पर लौटा तो उसने अपने भाई का शव फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद उसने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में युवक ने लिखा है कि उसने अपने भाई से पांच हजार रुपये उधार लिए थे और वह चाहता है कि यह राशि उसे लौटा दी जाए। साथ ही उसने यह भी लिखा है कि वह अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा है और किसी को परेशान न किया जाए।
परिजनों के अनुसार सुजीत की लगभग एक माह पहले ही शादी हुई थी। शादी के बाद वह ड्यूटी पर वापस आ गया था, जबकि उसकी पत्नी अभी गांव में रह रही थी। शुक्रवार शाम को जयकुमार नाइट शिफ्ट पर गया था और सुजीत को सुबह की शिफ्ट में जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।
पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है।




