फतेहाबाद।
नशे के लिए संवेदनशील माने जाने वाले गुरुनानकपुरा मोहल्ले में प्रस्तावित नशा विरोधी जागरूकता यात्रा को लेकर फतेहाबाद में भाजपा नेता और पुलिस प्रशासन के बीच मतभेद सामने आए हैं। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश सचिव भवानी सिंह ने शनिवार को यात्रा निकालने की घोषणा की है, जबकि पुलिस ने इसे लेकर एहतियात बरतने की सलाह दी है।
भवानी सिंह का कहना है कि पुलिस की ओर से उन्हें नोटिस जारी कर यात्रा स्थगित करने को कहा गया है। नोटिस में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई गई है। इस पर उन्होंने एसपी, डीसी और डीजीपी को पत्र भेजकर स्पष्ट किया है कि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से निकाली जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
पुलिस ने जताई आपत्ति
फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि गुरुनानकपुरा मोहल्ले में पुलिस पहले से ही सक्रिय है और नशा तस्करी के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी ऐसे कदम से बचना चाहिए, जिससे अनावश्यक तनाव की स्थिति पैदा हो। हालांकि यात्रा निकालना संबंधित व्यक्ति का निर्णय है।
नशे के मामलों में लगातार कार्रवाई
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गुरुनानकपुरा मोहल्ले में बीते एक माह में नशा तस्करी के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले दर्ज हैं। क्षेत्र में नशा तस्करी की शिकायतों को देखते हुए करीब सात माह पहले चार स्थायी नाके स्थापित किए गए थे, जहां 24 घंटे पुलिस बल तैनात है। इसके अलावा 25 पुलिसकर्मी शिफ्ट के अनुसार गश्त कर रहे हैं।
आसपास के गांवों तक फैलने का आरोप
भवानी सिंह का आरोप है कि इस मोहल्ले से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी नशे की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने दावा किया कि नजदीकी गांव अयालकी में पिछले डेढ़ वर्ष में 27 से अधिक युवाओं की मौत हो चुकी है। उनका यह भी कहना है कि नशा तस्करी में महिलाएं भी शामिल पाई गई हैं।
यात्रा निकालने की वजह
भवानी सिंह, जो महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक हैं, लंबे समय से नशा विरोधी अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में गुरुनानकपुरा मोहल्ले में जागरूकता यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि 2 जनवरी को उनके घर में घुसकर उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। भवानी सिंह का कहना है कि यह धमकी नशा तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने के कारण मिली।
सभी दलों को किया आमंत्रित
भवानी सिंह ने कहा कि इस यात्रा के लिए सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। उनका कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने की जिम्मेदारी सामूहिक है।
नशे के खिलाफ पुलिस अभियान जारी
फतेहाबाद पुलिस ने 25 दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच जिलेभर में 14 दिनों तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 52 मामले दर्ज कर 77 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चूरा पोस्त, हेरोइन, गांजा, नशीली गोलियां और अफीम बरामद की है।




