यमुनानगर।
यमुनानगर जिले में मिल्क माजरा टोल प्लाजा के पास टोल टैक्स से बचने के प्रयास में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव कानड़ी खुर्द के नजदीक काले रंग की क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए तालाब में जा गिरी। कार में प्रोफेसर कॉलोनी के रहने वाले सगे भाई-बहन सवार थे। हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी बहन का इलाज जारी है।
परीक्षा दिलाकर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान हिमांशु पुत्र कृष्ण लाल के रूप में हुई है। बताया गया है कि हिमांशु अपनी बहन तान्या को क्रेटा कार में जीरकपुर परीक्षा दिलाने लेकर गया था। परीक्षा के बाद वापसी के दौरान वे दोपहर करीब 12 बजे मिल्क माजरा टोल प्लाजा के पास पहुंचे। टोल टैक्स से बचने के लिए उन्होंने गांव के भीतर से गुजरने वाले शॉर्टकट रास्ते को चुना।
गांव कानड़ी खुर्द के पास रास्ता संकरा होने के कारण सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे उतरकर तालाब में जा गिरा।
बहन घायल, भाई की मौत
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को कार से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। बहन तान्या के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसके आगे के दांत टूट गए हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार यह रास्ता टोल टैक्स से बचने के लिए अक्सर इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन सड़क के किनारे तालाब होने से यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने चेतावनी संकेत और सुरक्षा इंतजाम न होने को हादसों का कारण बताया है।




