सोनीपत।
सोनीपत जिले में गंदे पेयजल और सीवरेज व्यवस्था की बदहाली से नाराज महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। देवी लाल कॉलोनी और सरस्वती कॉलोनी की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग महलाना रोड पर एकत्रित हुए और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने मटके फोड़कर नगर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के प्रति रोष प्रकट किया, जिससे सड़क पर आवागमन ठप हो गया और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दोनों कॉलोनियां लगभग 25 वर्ष पहले विकसित की गई थीं, लेकिन अब तक यहां साफ पीने के पानी और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया नहीं करवाई गईं। बार-बार शिकायतें देने और मांग उठाने के बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि चुनावी दौर में नेता और जनप्रतिनिधि वोट मांगने जरूर पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव संपन्न होते ही कॉलोनी की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है। लोगों का कहना है कि वर्षों से सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ।
महिलाओं ने बताया कि साफ पानी की व्यवस्था न होने से उन्हें दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ता है या फिर मजबूरी में दूषित पानी का उपयोग करना पड़ता है। इससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं सीवरेज सुविधा के अभाव में गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है, जिससे दुर्गंध फैलती है और बारिश के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि शहर की कई अन्य कॉलोनियों में सीवर और पेयजल लाइनें बिछाई जा चुकी हैं, लेकिन देवी लाल कॉलोनी और सरस्वती कॉलोनी को लगातार उपेक्षा का शिकार बनाया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि उनकी बस्ती को जानबूझकर अनदेखा किया जा रहा है।
कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही साफ पानी और सीवरेज व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और उग्र रूप देंगे। सूचना मिलने पर कोर्ट परिसर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाया। संबंधित अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम खोल दिया गया।




