चंडीगढ़।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बुधवार को हरियाणा निवास में लोक निर्माण विभाग (PWD) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान सड़कों से जुड़े कार्यों, रोड मार्किंग, प्रस्तावित मॉडल रोड्स तथा भवन और सड़क से संबंधित प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि कुछ स्थानों पर एक ही ठेकेदार द्वारा कई कार्य लेने के कारण परियोजनाएं तय समय पर पूरी नहीं हो पा रही हैं। इस पर मंत्री रणबीर गंगवा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो एजेंसियां एक वर्ष तक भी कार्य पूरा नहीं कर पा रही हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने थानेसर और गुरुग्राम क्षेत्र की ऐसी एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश भी दिए। मंत्री ने कहा कि नियमों के तहत अधिक टेंडर लेना गलत नहीं है, लेकिन सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे होने चाहिए।
गुणवत्तापूर्ण सड़कें सरकार की प्राथमिकता
मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हरियाणा में भवन और सड़कें उच्च मानकों के अनुरूप हों। लोक निर्माण विभाग को एक मजबूत और भरोसेमंद ब्रांड के रूप में विकसित करने के लिए अधिकारियों को योजनाबद्ध ढंग से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मरम्मत और निगरानी पर विशेष जोर
बैठक में मंत्री ने मुख्यालय से नियमित रूप से टीमों को भेजकर कार्यों की गुणवत्ता जांचने और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश दिए। अधिक माइंस वाले टेंडरों पर कड़ी निगरानी रखने, खराब स्थिति वाली सड़कों की नई सड़क बनने तक मरम्मत सुनिश्चित करने और डीएलपी अवधि वाली सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में कुल 30,040 किलोमीटर लंबी सड़कें हैं। इनमें से 16,435 किलोमीटर सड़कें डीएलपी के अंतर्गत आती हैं, जबकि 6,019 किलोमीटर सड़कें डीएलपी से बाहर हैं। मंत्री ने निर्देश दिए कि जो सड़कें जर्जर हालत में हैं, उन्हें नई सड़क बनने तक हर हाल में सुचारू रखा जाए और आवश्यकता अनुसार पैचवर्क कराया जाए।
‘म्हारी सड़क’ ऐप की रोजाना निगरानी
मंत्री रणबीर गंगवा ने ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर आने वाली शिकायतों को प्रतिदिन देखने और उनका समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं ऐप की निगरानी करें और शिकायतों का जवाब तय समय के भीतर दें।
इसके साथ ही फील्ड स्टाफ, विशेषकर बेलदारों की मौके पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बिना सूचना के अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने प्रत्येक परियोजना की प्रगति रिपोर्ट को प्रतिशत के आधार पर नियमित रूप से अपडेट करने को भी कहा।
आधुनिक संसाधनों से लैस होगा PWD
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि विभाग द्वारा जल्द ही आधुनिक मशीनों से युक्त पैच वैन शुरू की जाएगी। फिलहाल विभाग को 28 नए रोड रोलर मिल चुके हैं, जबकि शेष 28 की आपूर्ति शीघ्र की जाएगी। इसके अलावा इलेक्ट्रिकल और हॉर्टिकल्चर विंग से जुड़े कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी मंत्री के समक्ष रखी गई।




