Home » क्राइम » कुरुक्षेत्र में तेलंगाना के व्यक्ति की निर्मम हत्या, वीजा विवाद में ट्रैवल एजेंट पर शक

कुरुक्षेत्र में तेलंगाना के व्यक्ति की निर्मम हत्या, वीजा विवाद में ट्रैवल एजेंट पर शक

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र, 7 जनवरी।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में तेलंगाना से आए एक व्यक्ति की चाकू से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। मृतक एक ट्रैवल एजेंट से वीजा संबंधी शिकायत लेकर कुरुक्षेत्र पहुंचा था। कुछ ही समय बाद उसका शव सड़क किनारे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के अढलुर गांव निवासी काटिका रजनीकांत (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

सड़क किनारे मिला शव
पुलिस के अनुसार, थाना इस्माइलाबाद क्षेत्र में मंगलवार को मंदेड़ी गांव निवासी किसान कुलवंत सिंह ने सड़क किनारे शव पड़ा होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे ठोल से शाहाबाद जाने वाले मुख्य मार्ग पर मंदेड़ी गुरुद्वारे से लगभग 300 मीटर आगे शव दिखाई दिया।

तेजधार हथियार से हमला
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव को सड़क किनारे फेंका गया था। गर्दन, चेहरे और कमर के पास तेजधार हथियार से वार के निशान थे। सूचना पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

रूस की टिकट से हुई पहचान
शव की तलाशी के दौरान मृतक की जेब से रूस की एक पुरानी हवाई टिकट बरामद हुई। टिकट पर दर्ज मोबाइल नंबर और पते के आधार पर मृतक के परिजनों से संपर्क किया गया।

वीजा धोखाधड़ी का आरोप
मृतक के चचेरे भाई मुदम सत्यम ने बताया कि रजनीकांत करीब एक साल पहले रूस गया था। अंबाला जिले के मस्तापुर निवासी ट्रैवल एजेंट सुखविंदर सिंह ने तीन साल का वीजा बताकर केवल तीन महीने का वीजा लगवाया और पूरी रकम वसूल ली। वीजा अवधि कम होने के कारण रजनीकांत को जल्द भारत लौटना पड़ा।

परिजनों का कहना है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद एजेंट टालमटोल करता रहा। अंततः उसने पैसे लेने के लिए कुरुक्षेत्र आने को कहा। इसी सिलसिले में रजनीकांत हरियाणा आया था।

पोस्टमॉर्टम में खुलासा
फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नरेश सैनी ने बताया कि मृतक के शरीर पर तेजधार हथियार से कुल 13 चोट के निशान मिले हैं। गर्दन पर दो, चेहरे पर तीन, कमर पर छह और सिर पर भी चोट पाई गई। मौत का कारण गर्दन पर किया गया घातक वार है।

अनुमान है कि हत्या सोमवार रात करीब 10 बजे से 1 बजे के बीच हुई। वारदात में चाकू के अलावा किसी अन्य धारदार हथियार के इस्तेमाल की भी आशंका जताई गई है।

जांच में जुटी पुलिस
थाना इस्माइलाबाद के एसएचओ दिनेश कुमार ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ट्रैवल एजेंट से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स