कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में पटियाला रोड पर एक दर्दनाक हादसे में ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला अपने बेटे के साथ अरुणाय मंदिर में दर्शन कर घर लौट रही थी।
मृतका की पहचान रणजीत कौर (40), निवासी जुरासी खुद, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महिला का बेटा गांव के ही अपने दोस्त सतबीर की बाइक लेकर मां को मंदिर ले गया था। लौटते समय रास्ते में उसने बाइक सड़क किनारे रोक दी और मूंगफली खरीदने के लिए सामने की दुकान पर चला गया। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।
तेज रफ्तार ट्रक ने लिया चपेट में
मृतका के बेटे गुरप्रीत सिंह (24) ने पुलिस को बताया कि रात करीब 8:30 बजे वे पटियाला रोड पर भट्ट माजरा गांव के बस स्टैंड के पास पहुंचे थे। बाइक सड़क की बाईं ओर खड़ी थी और उसकी मां उतरकर पास ही खड़ी हो गई। तभी पिहोवा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (PB11AX-8615) ने बाइक को टक्कर मार दी और महिला को कुचलते हुए निकल गया।
हादसे में महिला सड़क पर गिर पड़ी और ट्रक का पहिया उसकी दाहिनी टांग के ऊपर से गुजर गया। इस दौरान उसे सिर, पीठ और टांग में गंभीर चोटें आईं।
चालक वाहन छोड़कर फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। गुरप्रीत सिंह ने राहगीरों की मदद से अपनी मां को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने थाना सदर पिहोवा में ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश जारी है।




