लाडवा, 6 जनवरी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विधानसभा लाडवा में इस वर्ष उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जाएगा। 26 जनवरी को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भव्य परेड और देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।
मंगलवार को एसडीएम अनुभव मेहता ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी राष्ट्रीय पर्व परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा, इसके लिए सभी विभाग समय रहते अपनी-अपनी तैयारियां पूरी करें।
एसडीएम ने निर्देश दिए कि पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस और एनसीसी के जवान परेड की नियमित रिहर्सल शुरू करें, ताकि कार्यक्रम के दिन उत्कृष्ट परेड प्रस्तुत की जा सके। वहीं शिक्षा विभाग को अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से करीब 30 मिनट का सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें देशभक्ति विषयों को प्रमुखता दी जाएगी।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीडीपीओ लाडवा विनोद, बीडीपीओ बाबैन आशुतोष, एसएमओ डॉ. कृष्ण कांत, खंड शिक्षा अधिकारी नीलम सैनी, एआईपीआरओ केदार शर्मा, मार्केट कमेटी लाडवा के संत कुमार, मार्केट कमेटी बाबैन के गुरमीत सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




