गुरुग्राम।
हरियाणा के गुरुग्राम में मंगलवार सुबह सड़क किनारे एक व्यापारी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर गहरी चोट के निशान थे और घटनास्थल पर खून फैला हुआ मिला। मृतक की कार पास ही खड़ी थी। यह मामला बसई गांव के आसपास का बताया जा रहा है।
संजय शर्मा के रूप में हुई पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान 55 वर्षीय संजय शर्मा के तौर पर की है। वह डीपीएस कॉलेज में कैंटीन का संचालन करते थे। मूल रूप से पलवल जिले के विधावली गांव के निवासी संजय शर्मा वर्तमान में गुरुग्राम के रमा गार्डन क्षेत्र में रह रहे थे।
परिवार को हादसे पर संदेह
मृतक के परिजनों का कहना है कि संजय शर्मा की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और न ही उन्हें किसी तरह का खतरा था। हालांकि, जिस स्थिति में उनका शव मिला है, उससे यह मामला सड़क हादसे का नहीं लग रहा। परिजनों ने बताया कि वाहन पर किसी प्रकार की क्षति नहीं है, जिससे दुर्घटना की आशंका पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस दुर्घटना की बात कह रही
वहीं सेक्टर-10 थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि पुलिस को सूचना एक्सीडेंट के रूप में मिली थी। प्रारंभिक जांच में हत्या के कोई संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।




