करनाल।
करनाल जिले के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के आईपीडी ब्लॉक में एक व्यक्ति की कुर्सी पर बैठे-बैठे मौत हो गई। मृतक नंगे पैर था और फर्श बेहद ठंडा बताया जा रहा है, जिस कारण प्रारंभिक तौर पर ठंड लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भिजवाया। परिजनों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।
सुबह कुर्सी पर अचेत अवस्था में मिला व्यक्ति
सोमवार सुबह आईपीडी ब्लॉक में अस्पताल स्टाफ ने एक व्यक्ति को कुर्सी पर बैठे हुए अचेत देखा। जांच करने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई, जिसके बाद तुरंत डायल-112 और पुलिस को सूचित किया गया।
आधार कार्ड से हुई पहचान
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कुर्ता-पायजामा पहने हुए था, लेकिन उसके पैरों में कोई चप्पल या जूते नहीं थे। तलाशी के दौरान उसकी जेब से आधार कार्ड और कुछ नकदी मिली। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान पेहवा क्षेत्र के बोधनी गांव निवासी 45 वर्षीय सुरती राम के रूप में हुई।
इलाज के लिए आया था मेडिकल कॉलेज
अपना आशियाना आश्रम संस्था के इंचार्ज राजकुमार अरोड़ा के अनुसार सुरती राम कुछ समय से अस्वस्थ था और संभवतः उपचार के लिए रात के समय अस्पताल पहुंचा था। रात अधिक होने के कारण वह आईपीडी ब्लॉक में रखी कुर्सियों पर बैठ गया। आशंका है कि इसी दौरान ठंड लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि मृतक के साले से संपर्क किया गया है। परिजनों के अनुसार सुरती राम मूल रूप से ज्योतिसर का रहने वाला था, लेकिन विवाह के बाद वह बोधनी गांव में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया ठंड के कारण मौत की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।




