Home » क्राइम » झज्जर में निजी स्कूल को निशाना बनाकर फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

झज्जर में निजी स्कूल को निशाना बनाकर फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

Picture of insightnews24

insightnews24

झज्जर।
हरियाणा के झज्जर जिले में शनिवार देर रात बदमाशों ने एक निजी स्कूल के गेट पर अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। यह घटना बहादुरगढ़ के बेरी रोड पर स्थित मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रात 10:30 से 11 बजे के बीच की घटना
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि फायरिंग की यह वारदात रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच अंजाम दी गई। पूरी घटना स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

दो युवक फायरिंग करते दिखे
सीसीटीवी फुटेज में दो युवक वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। एक युवक स्कूल के गेट पर खड़े होकर लगातार गोलियां चलाता दिखाई देता है, जबकि दूसरा उसका वीडियो बनाता हुआ नजर आता है। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्कूल संचालक का बयान
स्कूल के संचालक राकेश कोच, जो हरियाणा कुश्ती संघ के महासचिव और भाजपा नेता हैं, ने बताया कि स्कूल उनके घर के पास ही स्थित है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों से वह और उनका परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शनिवार रात उनके घर और स्कूल के मुख्य गेट के पास यह गंभीर घटना हुई।

8–9 राउंड फायरिंग से फैली दहशत
राकेश कोच के मुताबिक अज्ञात बदमाशों ने उनके घर के मुख्य गेट और पिलर पर करीब 8 से 9 राउंड गोलियां चलाईं। इस घटना के बाद परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी भय का माहौल बन गया।

फिरौती से जुड़ा बताया जा रहा मामला
स्कूल संचालक ने दावा किया कि उनसे पहले भाऊ गैंग की ओर से रंगदारी की मांग की जा चुकी है। उनका कहना है कि बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे और दहशत फैलाने व फिरौती के दबाव के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स