गुरुग्राम।
गोल्फ कोर्स रोड स्थित गैलरिया मार्केट में कार को निशाना बनाकर चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोरों ने बाजार में खड़ी कार की पिछली खिड़की का शीशा तोड़ा और उसमें रखे तीन बैग लेकर फरार हो गए। इन बैगों में लैपटॉप, आईफोन, नकदी और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।
पुलिस आकलन 2.66 लाख, पीड़ितों का दावा ज्यादा नुकसान
पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 2.66 लाख रुपये है, जबकि पीड़ितों का कहना है कि कुल नुकसान लगभग पांच लाख रुपये तक पहुंचता है। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑफिस से निकलकर मार्केट पहुंचे थे युवक
पीड़ित कुलदीप ने बताया कि वह दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र के मोहन गार्डन का रहने वाला है और गुरुग्राम के सेक्टर-43 स्थित विपुल टेक स्क्वायर में केयर हेल्थ इंश्योरेंस प्राइवेट लिमिटेड में काम करता है। उसके साथ सहकर्मी सचिन शर्मा और जसप्रीत सिंह भाटिया भी थे। तीनों शाम करीब 8:15 बजे ऑफिस से निकलकर कार से गैलरिया मार्केट पहुंचे थे।
वापसी पर टूटा मिला कार का शीशा
करीब डेढ़ घंटे तक मार्केट में रुकने के बाद जब वे रात करीब 9:30 बजे वापस लौटे, तो कार की बाईं ओर की पिछली खिड़की टूटी हुई थी और कांच बिखरा पड़ा था। शुरुआत में उन्हें किसी वाहन की टक्कर का अंदेशा हुआ, लेकिन अंदर देखने पर तीनों के बैग गायब मिले।
क्या-क्या ले गए चोर
चोर कुलदीप का डेल लैपटॉप, कार के कागजात, बाइक की आरसी और 14 हजार रुपये नकद ले गए। इसके अलावा सचिन शर्मा का डेल लैपटॉप, एक्सिस बैंक की चेकबुक और ड्राइविंग लाइसेंस भी चोरी हो गया। जसप्रीत सिंह भाटिया का मैकबुक प्रो और एप्पल आईफोन-12 भी बैग में रखा था, जो चोर अपने साथ ले गए।
शीशे के पास मिला संदिग्ध रुमाल
पीड़ितों ने बताया कि कार की टूटी हुई खिड़की के पास एक रुमाल पड़ा मिला, जो उनका नहीं है। आशंका है कि यह रुमाल वारदात को अंजाम देने वाले किसी चोर का हो सकता है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिल सकता है।
शहर में बढ़ रही हैं ऐसी घटनाएं
गुरुग्राम में पार्क की गई कारों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बाजारों, मॉल और व्यस्त इलाकों में सक्रिय गिरोह शीशा तोड़कर बैग और कीमती सामान चुरा लेते हैं। जानकारों का कहना है कि लोगों को वाहन में महंगा सामान छोड़ने से बचना चाहिए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।




