महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के श्रिरामपुर कस्बे में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान असलम शब्बीर शेख उर्फ बंटी जहांगीरदार के रूप में हुई है, जिसका नाम वर्ष 2012 के पुणे जंगली महाराज रोड ब्लास्ट मामले में सामने आ चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। असलम शेख एक परिचित के साथ दोपहिया वाहन से लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आए दो बाइक सवारों ने रास्ता रोका और बिना कोई चेतावनी दिए फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर दो संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल की है।
हालांकि हत्या के पीछे की ठोस वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की असली कहानी सामने आ पाएगी।




